गढ़वा जिले में झारखंड शिक्षक पात्रता परीक्षा (जेटेट)-2026 एक नवंबर को 26 केंद्रों पर आयोजित की जाएगी। परीक्षा की तैयारियों को लेकर उपायुक्त पशुपति नाथ मिश्रा की अध्यक्षता में समाहरणालय में हुई बैठक में अधिकारियों और केंद्राधीक्षकों को शांतिपूर्ण तथा कदाचारमुक्त आयोजन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए।
परीक्षा दो पालियों में होगी। पहली पाली में कक्षा छह से आठ के उच्च प्राथमिक स्तर की परीक्षा सुबह 9:30 बजे से दोपहर 12 बजे तक चलेगी। अभ्यर्थियों के लिए रिपोर्टिंग का समय सुबह 7:30 से नौ बजे तक रखा गया है। दूसरी पाली में कक्षा एक से पांच के प्राथमिक स्तर की परीक्षा दोपहर दो बजे से शाम 4:30 बजे तक होगी और रिपोर्टिंग दोपहर 12 से 1:30 बजे तक की जा सकेगी। परीक्षा शुरू होने से 30 मिनट पहले केंद्र का मुख्य द्वार बंद कर दिया जाएगा।
अभ्यर्थियों को प्रवेश पत्र के साथ आधार कार्ड की मूल प्रति लानी होगी। मोबाइल फोन, ब्लूटूथ उपकरण, ईयरफोन, स्मार्ट वॉच, कैलकुलेटर, डिजिटल डायरी, पुस्तक, नोटबुक और बैग समेत प्रतिबंधित सामग्री केंद्र के भीतर ले जाने की अनुमति नहीं होगी।
प्रशासन ने केंद्रों के प्रवेश द्वार पर हैंड हेल्ड मेटल डिटेक्टर से जांच कराने तथा वीडियोग्राफी और फोटोग्राफी की व्यवस्था करने को कहा है। निगरानी के लिए फ्लाइंग स्क्वायड, पेट्रोलिंग और स्टेटिक मजिस्ट्रेट के साथ दंडाधिकारी तथा पुलिसकर्मी तैनात किए जाएंगे। केंद्रों के आसपास भीड़ रोकने के लिए संबंधित अनुमंडल पदाधिकारियों को धारा 163 के तहत निषेधाज्ञा लागू करने का निर्देश दिया गया है।
सभी केंद्रों पर पेयजल, शौचालय, साफ-सफाई, प्रकाश, अभ्यर्थियों के बैठने की पर्याप्त व्यवस्था और सीसीटीवी कैमरे सुनिश्चित करने को कहा गया है। परीक्षा का संचालन झारखंड अधिविद्य परिषद के दिशा-निर्देशों के अनुरूप किया जाएगा।
दृष्टिबाधित, सेरेब्रल पाल्सी से प्रभावित और दोनों हाथों से दिव्यांग अभ्यर्थियों को नियमानुसार 30 मिनट का अतिरिक्त समय मिलेगा। इस सुविधा के लिए उन्हें परीक्षा से पहले दिव्यांगता प्रमाणपत्र और आवेदन जिला शिक्षा पदाधिकारी कार्यालय में जमा करना होगा।