गढ़वा में खाद्य सुरक्षा अभियान, करीब 50 किलो संदिग्ध मिठाइयां नष्ट

गढ़वा जिले के कई क्षेत्रों में खाद्य प्रतिष्ठानों की जांच की गई। भंडरिया बाजार में करीब 50 किलो संदिग्ध व मिलावटी मिठाइयां नष्ट कराई गईं।

2 मिनट पढ़ें 1 बार पढ़ी गई
गढ़वा जिले में खाद्य प्रतिष्ठानों की जांच करती खाद्य सुरक्षा टीम

गढ़वा जिले में खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता और सुरक्षा मानकों की जांच के लिए अभियान चलाया गया। भारतीय खाद्य सुरक्षा एवं मानक प्राधिकरण, नई दिल्ली और झारखंड सरकार के निर्देश पर खाद्य सुरक्षा अधिकारियों ने गढ़वा शहर, बंशीधर नगर तथा भंडरिया प्रखंड के विभिन्न खाद्य प्रतिष्ठानों का निरीक्षण किया।

भंडरिया बाजार में खाद्य सुरक्षा पदाधिकारी रोहित कुमार के नेतृत्व में टीम ने किराना दुकानों, होटलों और फूड कॉर्नरों की जांच की। अभियान के दौरान करीब 50 किलो संदिग्ध एवं मिलावटी मिठाइयां मौके पर नष्ट कराई गईं। संबंधित सामग्री की जांच की प्रक्रिया भी अपनाई गई।

निरीक्षण के दौरान अधिकारियों ने दुकानदारों को खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता बनाए रखने, प्रतिष्ठानों में साफ-सफाई सुनिश्चित करने और वैध खाद्य सुरक्षा लाइसेंस के साथ कारोबार करने का निर्देश दिया। प्रतिबंधित या गैर-अनुमोदित रंग तथा मिलावटी सामग्री के इस्तेमाल को लेकर भी स्पष्ट चेतावनी दी गई।

अभियान में गलत लेबलिंग, नियमों के उल्लंघन और भ्रामक दावों वाले खाद्य उत्पादों की बिक्री एवं भंडारण पर रोक लगाने की कार्रवाई की गई। बस स्टैंड क्षेत्र में मिले एक्सपायरी खाद्य और पेय पदार्थों के साथ प्रतिबंधित सामग्री को भी नष्ट कराया गया।

टीम ने लाल भंडार, जितेंद्र प्रसाद किराना भंडार, ऋत्विक नमकीन एंड जनरल स्टोर, वीरेंद्र जनरल स्टोर, गोलू चाय दुकान, शमशाद जनरल स्टोर तथा अयान पान दुकान व जनरल स्टोर सहित अन्य प्रतिष्ठानों का निरीक्षण किया। अधिकारियों ने कारोबारियों को नियमों का पालन करने और उपभोक्ताओं को सुरक्षित खाद्य सामग्री उपलब्ध कराने के निर्देश दिए।