झारखंड शिक्षक पात्रता परीक्षा (जेटेट)-2026 का आयोजन एक नवंबर को राज्यभर के 986 परीक्षा केंद्रों पर किया जाएगा। परीक्षा की तैयारियों के तहत झारखंड एकेडमिक काउंसिल ने सभी जिला शिक्षा पदाधिकारियों को आठ बिंदुओं पर आवश्यक कार्रवाई पूरी करने का निर्देश दिया है।
परीक्षा कार्य में लगाए जाने वाले शिक्षकों और शिक्षकेत्तर कर्मचारियों की 31 अक्टूबर तथा एक नवंबर की आकस्मिक छुट्टियां और लंबे अवकाश रद्द करने को कहा गया है। इस संबंध में उपायुक्त के स्तर से कार्यालय आदेश जारी करने का निर्देश दिया गया है, ताकि परीक्षा संचालन के लिए पर्याप्त कर्मचारी उपलब्ध रहें।
जैक ने माना है कि बड़ी संख्या में सरकारी शिक्षक भी जेटेट में अभ्यर्थी के रूप में शामिल होंगे। इससे कुछ केंद्रों पर वीक्षकों की कमी हो सकती है। इस स्थिति से निपटने के लिए सरकारी और निजी विद्यालयों, कॉलेजों तथा प्रस्वीकृत शिक्षण संस्थानों के शिक्षकों को भी वीक्षण कार्य में लगाने की व्यवस्था की जाएगी।
निर्देश के अनुसार संबंधित परीक्षा केंद्र के सभी शिक्षक और कर्मचारी वीक्षण कार्य में योगदान देंगे। केंद्राधीक्षक की मांग पर अतिरिक्त वीक्षक उपलब्ध कराए जाएंगे। वीक्षकों की सूची मिलने के बाद अपर समाहर्ता और जिला शिक्षा पदाधिकारी के संयुक्त हस्ताक्षर से प्रतिनियुक्ति आदेश जारी होगा।
तैयारियों और सुरक्षा प्रबंधों की समीक्षा के लिए प्रत्येक जिले में उपायुक्त, पुलिस अधीक्षक और संबंधित अधिकारियों की बैठक आयोजित करने को कहा गया है। परीक्षा केंद्रों पर पेट्रोलिंग के साथ स्टैटिक दंडाधिकारियों और पुलिस पदाधिकारियों की तैनाती की जाएगी। इसके लिए उपायुक्त और पुलिस अधीक्षक के संयुक्त हस्ताक्षर से आदेश जारी करने का निर्देश है।
परीक्षा में गड़बड़ी रोकने और निगरानी व्यवस्था को मजबूत करने के उद्देश्य से हर जिले में साइबर सेल के गठन तथा उसके संचालन का अनुरोध भी किया गया है। जैक ने जिला प्रशासन और शिक्षा विभाग को सभी तैयारियां समय पर पूरी करने तथा परीक्षा व्यवस्था को प्रभावी बनाए रखने को कहा है।