झारखंड में अगले दो दिनों तक कोहरा, बादल और कहीं-कहीं बारिश का असर देखने को मिल सकता है। मौसम केंद्र रांची के पूर्वानुमान के अनुसार, 3 और 4 नवंबर को राज्य के दक्षिणी तथा उससे सटे मध्यवर्ती हिस्सों में कुछ स्थानों पर हल्की से मध्यम बारिश और मेघ गर्जन की संभावना है। हालांकि, इस अवधि के लिए किसी जिले में विशेष मौसम चेतावनी जारी नहीं की गई है।
राज्य के कई हिस्सों में मंगलवार सुबह हल्के से मध्यम दर्जे का कोहरा छाया रहा। इसका प्रभाव रांची, बोकारो, गुमला, हजारीबाग, खूंटी, रामगढ़, लोहरदगा, कोडरमा और धनबाद सहित मध्य झारखंड के जिलों में देखा गया। दिन में आंशिक बादल छाए रहने का अनुमान व्यक्त किया गया है।
चार नवंबर को भी दक्षिणी झारखंड के कुछ इलाकों में हल्की से मध्यम बारिश या गरज के साथ छींटे पड़ सकते हैं। इसके बाद मौसम में बदलाव आने की संभावना है। पांच नवंबर से राज्य के अधिकांश हिस्सों में आसमान मुख्य रूप से साफ रह सकता है, लेकिन सुबह के समय कोहरे का प्रभाव बने रहने का अनुमान है।
मौसम केंद्र के आंकड़ों के मुताबिक, राज्य के अधिकतम तापमान में फिलहाल बड़ा बदलाव नहीं आया है। रांची में अधिकतम तापमान 27.6 डिग्री और न्यूनतम 20.2 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। यहां न्यूनतम तापमान सामान्य से 4.3 डिग्री अधिक रहा।
जमशेदपुर में अधिकतम तापमान 29.4 डिग्री और न्यूनतम 23.6 डिग्री सेल्सियस रहा। वहां न्यूनतम तापमान सामान्य से 5.1 डिग्री अधिक दर्ज किया गया। डालटनगंज में अधिकतम तापमान 30.2 डिग्री और न्यूनतम 21.1 डिग्री रहा, जबकि बोकारो में यह क्रमशः 30.1 और 22.1 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।
अगले पांच दिनों में अधिकतम तापमान में किसी बड़े परिवर्तन का अनुमान नहीं है। न्यूनतम तापमान भी अगले 24 घंटे तक लगभग स्थिर रह सकता है। इसके बाद चार दिनों के दौरान इसमें धीरे-धीरे 3 से 4 डिग्री सेल्सियस की गिरावट आने की संभावना है, जिससे सुबह और रात में ठंड का एहसास बढ़ सकता है।