झारखंड में 5 अक्टूबर से मौसम का मिजाज बदलने का अनुमान है। राज्य के अलग-अलग हिस्सों में बादलों की आवाजाही के साथ हल्की से मध्यम बारिश या गरज के साथ छींटे पड़ सकते हैं। 3 और 4 अक्टूबर को आसमान मुख्य रूप से साफ रहने तथा मौसम शुष्क बने रहने की संभावना जताई गई है।
पूर्वानुमान के अनुसार, 5 अक्टूबर को उत्तर-पूर्वी झारखंड के देवघर, दुमका, गिरिडीह, गोड्डा, जामताड़ा, पाकुड़ और साहिबगंज में कहीं-कहीं वर्षा हो सकती है। मध्य क्षेत्र के हजारीबाग और कोडरमा तथा उत्तर-पश्चिमी हिस्से के चतरा में भी हल्की से मध्यम बारिश या गरज के साथ छींटे पड़ने के आसार हैं।
रांची सहित मध्य और दक्षिणी झारखंड के दूसरे क्षेत्रों में भी गरज वाले बादल विकसित हो सकते हैं। 6 और 7 अक्टूबर को बारिश की गतिविधियों का दायरा बढ़कर राज्य के अधिकांश हिस्सों तक पहुंचने का अनुमान है। पूर्वी सिंहभूम, पश्चिमी सिंहभूम, सिमडेगा और सरायकेला-खरसावां में भी कहीं-कहीं वर्षा हो सकती है।
विशेष रूप से 7 अक्टूबर के लिए मेघ गर्जन, वज्रपात और तेज झोंकेदार हवा की आशंका जताई गई है। हवा की गति 30 से 40 किलोमीटर प्रति घंटे तक रह सकती है। इसी अवधि में अधिकतम तापमान दो से तीन डिग्री सेल्सियस तक गिरने का अनुमान भी है।
8 और 9 अक्टूबर को राज्य में आंशिक बादल बने रह सकते हैं। पलामू प्रमंडल, संताल परगना, कोल्हान तथा उत्तरी और दक्षिणी छोटानागपुर के कुछ स्थानों पर गरज के साथ हल्की से मध्यम बारिश जारी रहने की संभावना है।
बीते 24 घंटों में झारखंड का मौसम शुष्क रहा और कहीं बारिश दर्ज नहीं हुई। इस दौरान पाकुड़ में सबसे अधिक 35.6 डिग्री सेल्सियस तापमान दर्ज किया गया, जबकि लातेहार में न्यूनतम तापमान 17.5 डिग्री सेल्सियस रहा। रांची में अधिकतम तापमान 30.2 और न्यूनतम 19.4 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।