धनबाद समेत झारखंड के सरकारी स्कूलों के शिक्षकों को टीचर नीड्स असेसमेंट यानी टीएनए राउंड-4 से पहले ऑनलाइन मॉक टेस्ट देना होगा। झारखंड शिक्षा परियोजना परिषद ने नए टीएनए प्लेटफॉर्म की प्रक्रिया समझाने के उद्देश्य से 27 से 29 अक्टूबर तक मॉक टीएनए कराने का निर्देश दिया है।
राज्य परियोजना निदेशक शशि रंजन की ओर से जारी निर्देश के अनुसार, शिक्षक अपने मोबाइल फोन से निर्धारित तारीख और समय पर परीक्षा में शामिल हो सकेंगे। इसके लिए उन्हें किसी परीक्षा केंद्र पर जाने की आवश्यकता नहीं होगी। मॉक टेस्ट दो सत्रों में आयोजित किया जाएगा।
परीक्षा में शिक्षकों को 20 मिनट के भीतर 20 प्रश्न हल करने होंगे। प्रत्येक शिक्षक के लिए उसकी श्रेणी, पढ़ाई जाने वाली कक्षा और विषय के आधार पर समय तय किया जाएगा। निर्धारित 20 मिनट पूरे होने के बाद संबंधित शिक्षक को दोबारा टेस्ट देने का अवसर नहीं मिलेगा।
मॉक टेस्ट का लिंक और कार्यक्रम सेंटा ऐप के साथ ही व्हाट्सऐप तथा ई-मेल के माध्यम से भेजा जाएगा। शिक्षा परियोजना ने जिला शिक्षा पदाधिकारियों को शिक्षकों की भागीदारी सुनिश्चित कराने का निर्देश दिया है, ताकि वे वास्तविक आकलन से पहले नई ऑनलाइन व्यवस्था से परिचित हो सकें।
शिक्षकों के लिए पांच नवंबर से सेंटा ऐप पर उत्तर कुंजी सहित सैंपल पेपर उपलब्ध कराया जाएगा। यह अभ्यास सामग्री उनके पंजीकृत ग्रेड और विषय के अनुरूप होगी। इसका उद्देश्य प्रश्नों के स्वरूप को समझने और वास्तविक आकलन की तैयारी में सहायता देना है।
टीएनए राउंड-4 नवंबर के अंतिम सप्ताह में प्रस्तावित है। परिषद ने स्पष्ट किया है कि मॉक टेस्ट में शिक्षक का प्रदर्शन वास्तविक टीएनए के परिणाम को प्रभावित नहीं करेगा। यह अभ्यास मुख्य रूप से प्लेटफॉर्म के इस्तेमाल, तय समय में प्रश्न हल करने और परीक्षा प्रक्रिया को समझने के लिए कराया जा रहा है।