कोडरमा जिले के तिलैया डैम में गुरुवार शाम नहाने के दौरान बिहार के दो युवकों की डूबने से मौत हो गई। दोनों अपने तीन अन्य दोस्तों के साथ जन्मदिन मनाने कोडरमा आए थे। हादसे की सूचना मिलने के बाद पुलिस घटनास्थल पर पहुंची और स्थानीय गोताखोरों की सहायता से दोनों शव पानी से बाहर निकलवाए।
उपलब्ध जानकारी के अनुसार, पांचों युवक बिहारशरीफ और पटना से ट्रेन के जरिए कोडरमा पहुंचे थे। स्टेशन से वे तिलैया डैम गए और जन्मदिन मनाने के बाद डैम से सटी तिलैया बस्ती की ओर चले गए। इसी दौरान कुछ युवक नहाने के लिए पानी में उतरे थे।
नहाते समय दो युवक गहरे पानी की ओर चले गए और डूबने लगे। साथ आए दोस्तों ने उन्हें बचाने का प्रयास किया, लेकिन वे सफल नहीं हो सके। घटनास्थल पर मौजूद मछुआरों ने पानी में फंसे दो अन्य युवकों को सुरक्षित बाहर निकाला।
मृतकों की पहचान बिहारशरीफ निवासी 21 वर्षीय दीपक कुमार और 20 वर्षीय प्रीतम अभिषेक के रूप में बताई गई है। दोनों पांच सदस्यीय समूह के साथ अपने दोस्त सागर कुमार का जन्मदिन मनाने आए थे। समूह दोपहर के समय कोडरमा स्टेशन पहुंचा था और वहां से ऑटो लेकर डैम गया था।
घटनास्थल बरही थाना क्षेत्र में आता है। सूचना मिलने पर बरही पुलिस ने मौके पर पहुंचकर स्थानीय गोताखोरों की मदद ली। इसके बाद दोनों युवकों के शव और उनके साथ आए तीन युवकों को बरही अनुमंडल अस्पताल ले जाया गया।
पुलिस ने दोनों शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। घटना के संबंध में मृतकों के साथ आए युवकों से पूछताछ की जा रही है। दोनों मृतकों के परिजनों को भी हादसे की सूचना दे दी गई है।