बोकारो और चास में दुर्गापूजा के दौरान श्रद्धालुओं की संभावित भीड़ को देखते हुए 16 से 21 अक्टूबर तक विशेष यातायात व्यवस्था लागू रहेगी। निर्धारित मार्गों पर दोपहर 2 बजे से रात 12 बजे तक चारपहिया, तिपहिया और भारी वाहनों की आवाजाही पर अलग-अलग प्रतिबंध लगाए जाएंगे। संबंधित थाना प्रभारियों को तय स्थानों पर वाहनों को रोकने और आदेश का पालन सुनिश्चित कराने का निर्देश दिया गया है।
जोधाडीह मोड़ से महावीर चौक, धर्मशाला चौक से महावीर चौक और चेक पोस्ट से चास थाना की ओर चारपहिया तथा तिपहिया वाहनों का परिचालन बंद रहेगा। आईटीआई मोड़ के बुलेट शोरूम से धर्मशाला मोड़ तक भारी वाहन नहीं चलेंगे। चास से नया मोड़ जाने वाले चारपहिया और तिपहिया वाहनों को हवाई अड्डा से दाहिने मुड़कर राम मंदिर चौक और राजेंद्र चौक के रास्ते भेजा जाएगा।
एमजीएम स्कूल गेट से कालीबाड़ी मोड़ तक सभी प्रकार के वाहनों पर रोक रहेगी। बसंती मोड़ से कालीबाड़ी और हटिया मोड़ स्थित शहीद इनायत चौक से पूजा पंडाल की ओर चारपहिया तथा तिपहिया वाहन नहीं जा सकेंगे। जरीडीह टोल प्लाजा एवं जरीडीह फोरलेन चौक से जरीडीह बाजार के बीच केवल दोपहिया वाहनों को आने-जाने की अनुमति होगी।
तेलमच्चो से सेक्टर-11 होते हुए शहर की ओर तथा पुलिस केंद्र मोड़ हाईवे से सेक्टर-12 मोड़ तक भारी वाहनों का प्रवेश प्रतिबंधित रहेगा। शहरी क्षेत्र में प्रतिदिन सुबह 8 बजे से रात 12 बजे तक भारी वाहन नहीं चलेंगे। जरूरत पड़ने पर तेलमच्चो टोल प्लाजा, तालगड़िया मोड़, आईटीआई मोड़, टांड़बालीडीह टोल प्लाजा और पिंड्राजोरा सीमा चेकपोस्ट पर इन्हें रोका जाएगा।
प्रतिमा विसर्जन के समय एनएच-23 की दोनों लेन चालू रहेंगी। बालीडीह से बोकारो आने वाले मार्ग के आधे हिस्से का उपयोग जुलूस के लिए होगा, जबकि शेष हिस्से से दोपहिया, तिपहिया और चारपहिया वाहन गुजरेंगे। जुलूस के दौरान बालीडीह की ओर से आने वाले भारी वाहन स्टेशन मोड़ पर और आईटीआई मोड़ से बालीडीह जाने वाले भारी वाहन तेलीडीह फोरलेन चौक के पास रोके जाएंगे।
बालीडीह से नया मोड़ जाने वाले चारपहिया वाहनों के लिए स्टेशन मोड़, रेलवे पुल और माराफारी होकर वैकल्पिक रास्ता तय किया गया है। प्रशासन ने लोगों से प्रतिबंधित मार्गों से बचने, वैकल्पिक रास्तों का उपयोग करने और यातायात व्यवस्था बनाए रखने में सहयोग करने की अपील की है। पूजा पंडालों की ओर निकलने से पहले वाहन चालकों के लिए मार्ग और समय संबंधी पाबंदियों का ध्यान रखना जरूरी होगा।