धनबाद के झारखंड मैदान में शुक्रवार को सत्यम शिवम सुंदरम दुर्गापूजा कमेटी की ओर से दुर्गा प्रतिमा विसर्जन यात्रा निकाली गई। भक्ति और उत्साह के माहौल में आयोजित यात्रा में बड़ी संख्या में महिला और पुरुष श्रद्धालु शामिल हुए। श्रद्धालुओं ने जयकारों और ढोल-नगाड़ों के बीच मां दुर्गा को विदाई दी।
यात्रा में नासिक बैंड की धुन, आकर्षक झांकियां और पारंपरिक छऊ नृत्य प्रमुख आकर्षण रहे। बैंड की धुन पर श्रद्धालु नृत्य करते दिखाई दिए, जबकि छऊ कलाकारों की प्रस्तुति ने आयोजन में झारखंड की लोक संस्कृति का रंग जोड़ा। मार्ग के किनारे मौजूद लोगों ने भी प्रतिमा के दर्शन कर श्रद्धापूर्वक विदाई दी।
जुलूस में शामिल पुरुष पगड़ी बांधकर आगे बढ़ते हुए मां दुर्गा के जयकारे लगा रहे थे। अलग-अलग झांकियों ने भी लोगों का ध्यान खींचा। आयोजकों ने धार्मिक अनुष्ठान के साथ स्थानीय सांस्कृतिक परंपराओं को जोड़ते हुए यात्रा का स्वरूप तैयार किया था।
स्कूटी पर सवार महिलाओं की भागीदारी भी विसर्जन यात्रा की खास झलक रही। महिलाओं ने समूह में पूरे उत्साह के साथ जुलूस में हिस्सा लिया। कमेटी के मीडिया प्रभारी विकास साव के अनुसार, आयोजन में नासिक बैंड, छऊ नृत्य और झांकियों को शामिल करने का उद्देश्य पारंपरिक संस्कृति को प्रोत्साहित करने के साथ सामाजिक एकता को मजबूत करना था।
झारखंड मैदान के आयोजन के अलावा शुक्रवार को न्यू स्टेशन रोड, एलसी रोड और तेतुलतल्ला की पूजा कमेटियों ने भी अपनी प्रतिमाओं का विसर्जन किया। इस तरह शहर के विभिन्न हिस्सों में पूजा आयोजनों का समापन हुआ और श्रद्धालुओं ने नम आंखों से मां दुर्गा को विदा किया।