धनबाद सहित झारखंड के अधिकांश हिस्सों में अगले कुछ दिनों तक बारिश की गतिविधियां तेज रह सकती हैं। मौसम पूर्वानुमान के अनुसार, बुधवार को धनबाद में तेज हवा के साथ भारी वर्षा होने के आसार हैं। इसे देखते हुए जिले के लिए यलो अलर्ट जारी किया गया है।
मौसम में इस बदलाव की वजह बंगाल की खाड़ी के ऊपर बना कम दबाव का क्षेत्र बताया गया है। इसके अगले 24 घंटे में डिप्रेशन और उसके बाद अधिक तीव्र होकर गहरे डिप्रेशन में बदलने का अनुमान है। इस प्रणाली के प्रभाव से राज्य में 26 सितंबर तक कई स्थानों पर वर्षा जारी रह सकती है।
पूर्वानुमान में 22 से 26 सितंबर के बीच झारखंड में कहीं-कहीं भारी से बहुत भारी बारिश की आशंका जताई गई है। इस दौरान गर्जन और वज्रपात के साथ तेज हवाएं भी चल सकती हैं। 23 सितंबर से हवा की अधिकतम गति 60 किलोमीटर प्रति घंटे तक पहुंचने की संभावना बताई गई है।
बारिश बढ़ने के साथ तापमान में भी गिरावट आ सकती है। धनबाद में अधिकतम तापमान 32 डिग्री से घटकर 29 डिग्री सेल्सियस तक पहुंचने का अनुमान है। लगातार या अत्यधिक वर्षा होने पर निचले इलाकों में जलजमाव तथा नदी और जलाशयों का जलस्तर बढ़ने से अचानक बाढ़ जैसी स्थिति का खतरा रह सकता है।
खेतों में अधिक पानी भरने से धान और सब्जियों की फसलों को नुकसान पहुंचने की आशंका भी व्यक्त की गई है। किसानों और निचले क्षेत्रों में रहने वाले लोगों को संभावित वर्षा को ध्यान में रखते हुए पहले से जरूरी तैयारी करने की सलाह दी गई है।
वज्रपात के दौरान लोगों से बाहर नहीं निकलने, पेड़ के नीचे खड़े नहीं होने और जलस्रोतों से दूर रहने को कहा गया है। गर्जन शुरू होने पर कंक्रीट के फर्श पर रहने से बचने की भी सलाह दी गई है। लोगों को स्थानीय मौसम चेतावनियों पर नजर रखने और खराब मौसम के समय सुरक्षित स्थान पर रहने की जरूरत है।