धनबाद रेलवे स्टेशन पर गुरुवार को आयोजित रेल जनसंवाद में यात्रियों ने लंबी दूरी की यात्रा के दौरान पानी की कमी, वेंडरों की मनमानी और खानपान व्यवस्था से जुड़ी शिकायतें रखीं। धनबाद रेल मंडल के डीआरएम अखिलेश मिश्र ने यात्रियों से सीधे बातचीत की और धनबाद-अलेप्पी एक्सप्रेस की पैंट्री कार का निरीक्षण भी किया।
यात्रियों ने बताया कि धनबाद से रांची के बीच ट्रेन में सफाई और जलापूर्ति की स्थिति सामान्य रहती है, लेकिन लंबी दूरी की यात्रा में रात के समय पानी खत्म होने की समस्या सामने आती है। उन्होंने इस परेशानी का स्थायी समाधान करने और खानपान सेवा में सुधार की मांग की।
संवाद के दौरान स्टेशन के थ्रू लेन में पैसे लिए जाने की शिकायत प्रमुखता से उठी। डीआरएम ने कहा कि ऐसी शिकायत मिलने पर तत्काल कार्रवाई की जाती है। आगे इस गतिविधि पर नियंत्रण के लिए सीसीटीवी के माध्यम से निगरानी करने की बात भी कही गई।
यात्रियों ने स्टेशन के सर्कुलेटिंग एरिया और पार्किंग की सफाई पर भी सवाल उठाए। प्लेटफॉर्म संख्या छह और सात पर कोच इंडिकेटर बोर्ड नहीं होने से ट्रेन आने के समय यात्रियों को अपनी बोगी का स्थान पहचानने में परेशानी होने की जानकारी दी गई। अधिकारियों ने शिकायतों और सुझावों को दर्ज कर शीघ्र समाधान का भरोसा दिया।
निरीक्षण के दौरान प्लेटफॉर्म छह और सात पर कई स्थानों पर पुराने मिट्टी के ढेर मिले, जिन पर घास उग आई थी। डीआरएम ने संबंधित अधिकारी को मिट्टी तत्काल हटाने का निर्देश दिया। स्टेशन परिसर में नुक्कड़ नाटक के माध्यम से यात्रियों को स्वच्छता, संरक्षा और सुरक्षा के प्रति जागरूक भी किया गया।
डीआरएम के अनुसार, पिछले लगभग एक से डेढ़ वर्ष में धनबाद-अलेप्पी एक्सप्रेस से जुड़ी यात्री शिकायतों में 35 प्रतिशत तक कमी आई है। उन्होंने शिकायतों के समाधान को लगातार चलने वाली प्रक्रिया बताया। गुरुवार को धनबाद रेल मंडल के कुल 103 स्टेशनों पर रेल जनसंवाद आयोजित किए गए, जहां अधिकारियों ने यात्रियों से सुविधाओं पर प्रतिक्रिया और सुझाव लिए।