जामताड़ा जिले के नारायणपुर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में शुक्रवार को सहिया साथियों की मासिक समीक्षा बैठक हुई। अधिकारियों ने नियमित टीकाकरण की प्रगति जांचते हुए निर्देश दिया कि अपने क्षेत्र में टीके से वंचित बच्चों को चिह्नित कर उनका पूर्ण टीकाकरण सुनिश्चित किया जाए।
बैठक में मिजिल्स के मामलों पर भी विशेष चर्चा की गई। नारायणपुर प्रखंड के अमजोरा, लखनुडीह, पेटारी और चंपापुर समेत प्रभावित गांवों में सहिया साथियों को घर-घर जाकर सर्वे करने तथा उसकी रिपोर्ट जमा करने का निर्देश मिला।
जिला डब्ल्यूएचओ मॉनिटर शशिभूषण और सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र के प्रभारी चिकित्सा पदाधिकारी डॉ. एके सिंह ने नियमित टीकाकरण से संबंधित कार्यों की जानकारी ली। प्रभारी चिकित्सा पदाधिकारी ने सहिया साथियों से स्वास्थ्य सेवाओं को बेहतर बनाने में सक्रिय भूमिका निभाने और सौंपे गए दायित्वों को जिम्मेदारी से पूरा करने को कहा।
बैठक में यह भी कहा गया कि काम में लापरवाही बरतने वाली सहिया के विरुद्ध कार्रवाई के लिए जिला स्तर पर लिखा जाएगा। अधिकारियों का जोर क्षेत्रवार निगरानी, छूटे लाभार्थियों की पहचान और निर्धारित स्वास्थ्य कार्यक्रमों के समयबद्ध क्रियान्वयन पर रहा।
समीक्षा के दौरान शिशु मृत्यु, मातृ मृत्यु, संस्थागत प्रसव और परिवार नियोजन से जुड़े कार्यों की स्थिति भी देखी गई। संस्थागत प्रसव तथा परिवार नियोजन को बढ़ावा देने के साथ गर्भवती महिलाओं और छोटे बच्चों तक तय स्वास्थ्य सेवाएं पहुंचाने पर चर्चा हुई।
इसके अतिरिक्त सहिया एप, हेड काउंट सर्वे रजिस्टर, पीएलए बैठक, सहिया क्लेम भुगतान, एचबीएनसी, एचबीवाईसी और एएनसी की प्रगति पर विचार किया गया। परिवार सर्वे तथा सास-बहू-पति सम्मेलन जैसे कार्यक्रम भी समीक्षा के दायरे में रहे। बैठक में बीपीएम अखिलेश कुमार सिंह, बीटीटी सुनील यादव, प्रजीत कुमार और विभिन्न क्षेत्रों की सहिया साथी उपस्थित थीं।