रांची नगर निगम ने छठ महापर्व के लिए शहर के सभी 72 घाटों पर विशेष व्यवस्था करने की तैयारी शुरू कर दी है। नगर आयुक्त सुशांत गौरव ने पूजा समितियों और निगम के अधिकारियों के साथ बैठक कर सफाई, सुरक्षा, पेयजल और रोशनी से जुड़े कार्यों की समीक्षा की। अधिकारियों को घाटों पर काम शुरू करने से पहले संबंधित पूजा समितियों से सलाह लेने का निर्देश दिया गया है।
नगर निगम सभी घाटों पर विशेष सफाई अभियान चलाएगा। घाट तक जाने वाले रास्तों को स्टोन डस्ट डालकर ठीक किया जाएगा, जबकि सीढ़ियों की मरम्मत और रंगाई-पुताई भी कराई जाएगी। खुले नालों को स्लैब से ढकने के निर्देश दिए गए हैं। काली पूजा के मूर्ति विसर्जन के बाद बची सामग्री को 24 घंटे के भीतर हटाकर आसपास सफाई कराने की योजना है।
श्रद्धालुओं की सुविधा और निजता को ध्यान में रखते हुए घाटों पर पहली बार ऊपर से ढके डबल लेयर चेंजिंग रूम बनाए जाएंगे। पीने के पानी की व्यवस्था के साथ मॉड्यूलर टॉयलेट और सुलभ शौचालयों की विशेष सफाई भी कराई जाएगी। निगम का लक्ष्य महापर्व से पहले इन नागरिक सुविधाओं को उपयोग के लिए तैयार करना है।
सुरक्षा के लिए घाटों पर बांस-बल्लियों से बैरिकेडिंग की जाएगी। सूखी और झुकी हुई पेड़ों की डालियों की छंटाई होगी तथा खराब स्ट्रीट लाइटों को दुरुस्त किया जाएगा। जहां अतिरिक्त रोशनी की जरूरत होगी, वहां जेनरेटर लगाने का निर्देश दिया गया है। पूजा के दौरान व्यवस्था बनाए रखने के लिए समितियों और निगमकर्मियों को सतर्क रहने को कहा गया है।
नगर आयुक्त ने खरना से छठ महापर्व समाप्त होने तक शहर में मीट और मछली की दुकानें बंद रखने का निर्देश दिया है। घाट की सीढ़ियों पर नाम लिखकर स्थान तय करने या जगह बेचने की शिकायत मिलने पर कानूनी कार्रवाई की चेतावनी भी दी गई है। इस अवधि में नगर निगम का नियंत्रण कक्ष चौबीसों घंटे सक्रिय रहेगा।
सफाई, पेयजल, रोशनी या दूसरी नागरिक सुविधाओं से जुड़ी शिकायत टोल फ्री नंबर 18005701235 पर दर्ज कराई जा सकेगी। नगर आयुक्त ने नागरिकों, युवाओं और पूजा समितियों से सफाई अभियान में सहयोग करने तथा तालाबों में कचरा, प्लास्टिक और पूजन सामग्री नहीं डालने की अपील की है।