सुप्रीम कोर्ट के मुख्य न्यायाधीश सूर्यकांत सोमवार को झारखंड के दौरे पर आएंगे। निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार, वह शाम 7:30 बजे रांची में झारखंड हाईकोर्ट के डेटा सेंटर का उद्घाटन करेंगे। इसी अवसर पर हाईकोर्ट की छह नई डिजिटल न्यायिक सेवाओं की शुरुआत भी की जाएगी।
नया डेटा सेंटर झारखंड हाईकोर्ट और राज्य की अधीनस्थ अदालतों के डिजिटल कामकाज का प्रमुख केंद्र बनेगा। इसमें आधुनिक सर्वर, केंद्रीकृत स्टोरेज, बैकअप, नेटवर्क सुरक्षा और निर्बाध बिजली आपूर्ति की व्यवस्था रहेगी। इसका उपयोग न्यायिक रिकॉर्ड सुरक्षित रखने और डिजिटल प्रणालियों के संचालन में किया जाएगा।
डेटा सेंटर के जरिए केस इन्फॉर्मेशन सिस्टम, वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग और डिजिटल दस्तावेजों से जुड़े कामकाज को बेहतर बनाने की योजना है। कार्यक्रम में शुरू होने वाली सुविधाओं में हाईकोर्ट की नई वेबसाइट, प्रमाणित प्रति के लिए ऑनलाइन आवेदन और आईओएस मोबाइल एप शामिल हैं।
आईफोन उपयोगकर्ता मोबाइल एप के माध्यम से मुकदमों की स्थिति, आदेश, फैसले और कॉज लिस्ट देख सकेंगे। अधिवक्ताओं के लिए व्यक्तिगत जरूरत के अनुसार कॉज लिस्ट सुरक्षित रखने की सुविधा भी शुरू होगी। इसके अतिरिक्त न्यायिक अधिकारियों के लिए ड्रैगन स्पीच-टू-टेक्स्ट सॉफ्टवेयर उपलब्ध कराया जाएगा, जिससे वे बोलकर आदेश तैयार कर सकेंगे।
छह सेवाओं में सुप्रीम टुडे एआई सॉफ्टवेयर भी शामिल है, जिसका उपयोग कानूनी शोध में सहायता के लिए किया जाएगा। इन डिजिटल सुविधाओं का उद्देश्य अदालतों से संबंधित सूचनाओं और दस्तावेजों तक पहुंच को अधिक व्यवस्थित बनाना तथा न्यायिक अधिकारियों और अधिवक्ताओं के काम में तकनीकी सहयोग देना है।
रांची के कार्यक्रम से पहले मुख्य न्यायाधीश देवघर में झारखंड राज्य विधिक सेवा प्राधिकार के राज्यस्तरीय विधिक सेवा सह सशक्तीकरण शिविर में शामिल होंगे। वहां पीड़ितों को सहायता राशि के चेक और विभिन्न सरकारी योजनाओं के लाभ वितरित किए जाएंगे। पलामू और रांची के लीगल एड क्लिनिक का ऑनलाइन उद्घाटन भी प्रस्तावित है। दोनों कार्यक्रमों में सुप्रीम कोर्ट के न्यायमूर्ति एस. चंद्रशेखर और न्यायमूर्ति अपरेश कुमार सिंह भी शामिल होंगे।