आईआईटी-आईएसएम निदेशक प्रो. सुकुमार मिश्रा महान शिक्षक पुरस्कार 2026 के लिए चयनित

उच्च शिक्षा, अभियांत्रिकी, शोध और ऊर्जा क्षेत्र में योगदान के लिए प्रो. सुकुमार मिश्रा को महान शिक्षक पुरस्कार 2026 देने का निर्णय लिया गया है।

2 मिनट पढ़ें 6 बार पढ़ी गई
आईआईटी-आईएसएम धनबाद के निदेशक प्रो. सुकुमार मिश्रा

धनबाद स्थित आईआईटी-आईएसएम के निदेशक प्रो. सुकुमार मिश्रा को पद्म विभूषण डॉ. मुरली मनोहर जोशी महान शिक्षक पुरस्कार 2026 के लिए चुना गया है। चयन समिति ने उनके उच्च शिक्षा, अभियांत्रिकी शिक्षा, शोध और ऊर्जा क्षेत्र में योगदान को ध्यान में रखते हुए सर्वसम्मति से यह निर्णय लिया।

प्रो. मिश्रा को 22 नवंबर को नई दिल्ली के इंडिया इंटरनेशनल सेंटर में आयोजित समारोह में सम्मानित किया जाएगा। निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार पद्म विभूषण डॉ. मुरली मनोहर जोशी उन्हें पुरस्कार प्रदान करेंगे। सम्मान के लिए उनका चयन फेडरेशन फॉर वर्ल्ड एकेडमिक्स की चयन समिति ने किया है।

यह पुरस्कार उनके आजीवन शैक्षणिक योगदान, शोध में उत्कृष्टता और तकनीकी शिक्षा व वैज्ञानिक प्रगति को बढ़ावा देने के प्रयासों की मान्यता के रूप में दिया जाएगा। फेडरेशन फॉर वर्ल्ड एकेडमिक्स ने वर्ष 2025 में इस पुरस्कार की शुरुआत की थी। इसका उद्देश्य शिक्षा, विज्ञान और सार्वजनिक जीवन में उल्लेखनीय आजीवन योगदान देने वाले व्यक्तियों को सम्मानित करना है।

विद्युत अभियांत्रिकी के क्षेत्र में प्रो. मिश्रा का शोध पावर सिस्टम, बिजली की गुणवत्ता, नवीकरणीय ऊर्जा और स्मार्ट ग्रिड जैसे विषयों पर केंद्रित रहा है। उनके कार्यों को ऊर्जा व्यवस्था की प्रभावशीलता बढ़ाने और स्वच्छ ऊर्जा प्रौद्योगिकियों को प्रोत्साहित करने की दिशा में महत्वपूर्ण माना गया है।

प्रो. मिश्रा ने 15 मई 2024 को आईआईटी-आईएसएम धनबाद के निदेशक का कार्यभार संभाला था। इससे पहले वह आईआईटी दिल्ली के अबू धाबी परिसर में डीन, रिसर्च एंड एक्सटर्नल एंगेजमेंट तथा एसोसिएट डीन, रिसर्च एंड डेवलपमेंट सहित विभिन्न शैक्षणिक और प्रशासनिक पदों पर सेवाएं दे चुके हैं।

शिक्षण और अनुसंधान के लिए उन्हें इससे पहले भी कई सम्मान मिल चुके हैं। इनमें इंडियन नेशनल साइंस एकेडमी का यंग साइंटिस्ट मेडल, इंडियन नेशनल एकेडमी ऑफ इंजीनियरिंग का यंग इंजीनियर अवार्ड, समंत चंद्रशेखर पुरस्कार, बिमल बोस पुरस्कार, एनएएसआई-रिलायंस प्लेटिनम जुबली अवार्ड और आईएनएई आउटस्टैंडिंग टीचर्स अवार्ड शामिल हैं। उनका नवीन चयन आईआईटी-आईएसएम धनबाद के लिए भी एक उल्लेखनीय शैक्षणिक उपलब्धि है।