रांची में स्कूली शिक्षा एवं साक्षरता विभाग की ओर से आयोजित होने वाली ‘आईसीटी चैंपियनशिप: झारखंड ई-शिक्षा महोत्सव’ का दायरा इस बार बढ़ाया गया है। नौवीं से 12वीं कक्षा के छात्र-छात्राओं के साथ अब कक्षा छह से 12वीं तक पढ़ाने वाले शिक्षक भी सूचना एवं संचार प्रौद्योगिकी से जुड़ी इस प्रतियोगिता में अपनी प्रतिभा दिखाएंगे।
पिछले वर्ष शुरू हुई चैंपियनशिप में केवल नौवीं से 12वीं तक के विद्यार्थी शामिल हुए थे। इस बार प्रतियोगिता विद्यालय, प्रखंड, जिला और राज्य—इन चार स्तरों पर होगी। विद्यालय स्तरीय चरण शुक्रवार से शुरू होकर 16 अक्टूबर तक चलेगा। इसके बाद क्रमशः प्रखंड, जिला और राज्य स्तर की प्रतियोगिताएं आयोजित की जाएंगी।
प्रतियोगिता में आईसीटी विषय से जुड़े वस्तुनिष्ठ प्रश्नों की लिखित परीक्षा के साथ व्यावहारिक परीक्षा भी होगी। प्रश्न गुरुजी ऐप के माध्यम से भेजे जाएंगे और परीक्षा उन विद्यालयों में आयोजित होगी, जहां आईसीटी लैब उपलब्ध है। विद्यालय स्तर पर प्रत्येक स्कूल से चार छात्र, चार छात्राएं और दो शिक्षक हिस्सा लेंगे।
जिला स्तर तक पहुंचने पर 1,086 छात्र, इतनी ही छात्राएं और 528 शिक्षक भाग लेंगे। राज्य स्तरीय चरण में 96 छात्र, 96 छात्राएं और 48 शिक्षक शामिल होंगे। अंतिम रूप से प्रत्येक कक्षा से एक छात्र और एक छात्रा को चुना जाएगा। इस तरह आठ विद्यार्थियों के साथ मिडिल तथा सेकेंडरी एवं हायर सेकेंडरी श्रेणी के दो शिक्षकों को राज्य स्तरीय पुरस्कार मिलेगा।
चारों चरणों के विजेताओं के लिए अलग-अलग पुरस्कार निर्धारित किए गए हैं। विद्यालय स्तर पर कांस्य पदक और प्रमाणपत्र दिया जाएगा। प्रखंड स्तर पर विद्यार्थियों को रजत पदक, प्रमाणपत्र और बैग मिलेगा, जबकि शिक्षकों को बैग के स्थान पर पेन ड्राइव, डायरी और कलम दी जाएगी। जिला स्तर के दोनों वर्गों के विजेताओं को स्वर्ण पदक, प्रमाणपत्र और स्मार्टवॉच प्रदान की जाएगी।
राज्य स्तरीय विजेताओं को शील्ड, विशेष प्रमाणपत्र और लैपटॉप दिए जाएंगे। सभी आठ चयनित विद्यार्थियों और दोनों शिक्षकों को लैपटॉप मिलेगा। प्रतियोगिता के बाद दो विद्यार्थियों का चयन ‘स्टेट एंबेसडर ऑफ आईसीटी’ के रूप में भी किया जाएगा।