पश्चिमी सिंहभूम के नोवामुंडी में सेंट मेरीज स्कूल ने महात्मा गांधी और पूर्व प्रधानमंत्री लाल बहादुर शास्त्री की जयंती पर जागरूकता कार्यक्रम और दान अभियान आयोजित किया। इसमें स्कूली बच्चों और शिक्षक-शिक्षिकाओं ने भाग लिया। कार्यक्रम के दौरान स्वच्छता, सद्भाव और मोबाइल के संतुलित इस्तेमाल से जुड़े संदेश दिए गए।
सिस्टर करुणा के नेतृत्व में विद्यार्थियों और शिक्षकों ने स्कूल परिसर से रैली निकाली। नारे लगाते हुए प्रतिभागी आदिवासी एसोसिएशन भवन पहुंचे। वहां महिला समिति की अध्यक्ष देवस्मिता जेना ने फीता काटकर कार्यक्रम का उद्घाटन किया। इस अवसर पर श्वेता मिश्रा और अंशुला श्रीवास्तव भी उपस्थित थीं।
सांस्कृतिक प्रस्तुति की शुरुआत विद्यार्थियों ने भजन से की। इसके माध्यम से सत्य, अहिंसा, प्रेम और सद्भाव का संदेश रखा गया। बच्चों की प्रस्तुतियों को गांधी जयंती के मूल्यों और सामाजिक जागरूकता से जोड़ा गया।
इसके बाद विद्यार्थियों ने मोबाइल के अत्यधिक इस्तेमाल से होने वाले दुष्प्रभाव पर नुक्कड़ नाटक प्रस्तुत किया। एक अन्य प्रस्तुति में ‘स्वच्छ भारत, स्वस्थ भारत’ विषय को सामने रखा गया। बच्चों ने नृत्य के जरिए भी कार्यक्रम के सामाजिक संदेशों को दर्शकों तक पहुंचाने का प्रयास किया।
आयोजन के दौरान सरबिल गांव के आर्थिक रूप से कमजोर वर्ग के करीब 100 वृद्धजनों के बीच खाद्य पदार्थ वितरित किए गए। जागरूकता गतिविधियों के साथ वृद्धजनों के लिए चलाया गया यह दान अभियान कार्यक्रम का प्रमुख हिस्सा रहा।
कार्यक्रम में आदिवासी एसोसिएशन के अध्यक्ष घनश्याम हेम्ब्रम, सिस्टर रेनिट, सिस्टर सुषमा, अनामिका चौधरी, आमोद राय, राकेश कुमार, अमित कुमार, बॉबी करुआ, राधा कृष्णन भुइयां, उषा खालको, प्रतिमा कलडुलना और नरगिस आरा सहित स्थानीय लोग मौजूद रहे।