चतरा जिले के सिमरिया-टंडवा मुख्य मार्ग पर मुरवे स्टेडियम के पास देर रात सड़क हादसे में कोयला लदे ट्रेलर के चालक की मौत हो गई। ट्रेलर सड़क किनारे खराब हालत में खड़े हाइवा से टकरा गया। हादसे में उपचालक गंभीर रूप से घायल हुआ है।
मृत चालक की पहचान हजारीबाग जिले के बड़कागांव क्षेत्र स्थित सीकरी निवासी 28 वर्षीय धीरंजन साव के रूप में हुई है। घायल उपचालक को पहले प्राथमिक उपचार दिया गया और इसके बाद बेहतर इलाज के लिए हजारीबाग रेफर कर दिया गया।
प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, ट्रेलर सिमरिया-टंडवा मार्ग से गुजर रहा था। मुरवे स्टेडियम के नजदीक खड़े हाइवा से टक्कर के बाद ट्रेलर का अगला हिस्सा और केबिन बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया। चालक केबिन में फंस गया था।
घटना की सूचना मिलने पर सिमरिया पुलिस और आसपास के लोग मौके पर पहुंचे। चालक को बाहर निकालने के लिए गैस कटर का सहारा लिया गया, लेकिन गैस समाप्त होने से बचाव कार्य में परेशानी आई। काफी प्रयास के बाद उसे केबिन से निकाला गया, तब तक उसकी मौत हो चुकी थी। राहत कार्य में 108 एंबुलेंस कर्मियों ने भी सहयोग किया।
हादसे की जानकारी मिलने के बाद मृतक के परिजन और ग्रामीण घटनास्थल पर पहुंचे। परिजनों ने 20 लाख रुपये मुआवजे की मांग की है। उन्होंने सड़क जाम नहीं किया, लेकिन शव को सड़क किनारे रखकर अपनी मांग पर अड़े रहे।
सिमरिया थाना प्रभारी अमित कुमार गुप्ता और अंचल अधिकारी गौरव कुमार मौके पर मौजूद रहे। अधिकारी परिजनों तथा ग्रामीणों से बातचीत कर स्थिति सामान्य कराने और पोस्टमार्टम की प्रक्रिया पूरी कराने में जुटे हैं। यह दुर्घटना सड़क किनारे खराब पड़े भारी वाहनों से जुड़े सुरक्षा जोखिम को फिर सामने लाती है।